महिलाओं की प्रेरक कहानियों ने दिखाया बदलाव का नया चेहरा
केंद्रीय मंत्री ने हितग्राहियों से किया संवाद, जिज्जी की पंचायत की गतिविधियों की सराहना
गुना
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को गुना में हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि देश की आबादी को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा, तभी देश पूरी क्षमता के साथ विकास कर सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए हैं। मंच पर महिलाओं द्वारा साझा की गई प्रेरक कहानियां महिला सशक्तिकरण और बदलाव की तस्वीर को स्पष्ट रूप से सामने रखती हैं। इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत भी उपस्थित थे।
प्रदर्शनी का अवलोकन कर हितग्राहियों से किया संवाद
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई हितग्राही एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाड़ली बहना योजना, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों तथा आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने बैंक सखी रेखा शाक्यवार, जिज्जी की पंचायत रेस्टोरेंट का संचालन करने वाले स्व-सहायता समूह की सदस्य मंजू सेन, लाड़ली बहना योजना की हितग्राही शोभा शर्मा एवं रामवती कुशवाहा तथा आवास योजना की हितग्राही श्रीमती कांति मिलन से उनके अनुभव और योजनाओं से हुए बदलाव के संबंध में जानकारी ली।
महिलाओं की भागीदारी से बन रहा बदलाव का नया उदाहरण
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि मंच के माध्यम से महिलाओं की अलग-अलग प्रेरक कहानियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे रोजगार, उद्यम, खेल, खानपान और अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने जिज्जी की पंचायत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं वहां गए हैं और वहां किए जा रहे कार्यों को नजदीक से देखा है। महिलाओं द्वारा तैयार किया गया छोटा-सा मॉल और अन्य गतिविधियां गुना बाईपास को आकर्षक एवं जीवंत स्थान बना रही हैं।
जिज्जी की पंचायत में रुककर महिलाओं के कार्य देखने का किया आग्रह
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि गुना बाईपास से गुजरने वाले लोगों को जिज्जी की पंचायत में जरूर रुकना चाहिए और वहां महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उनकी मेहनत को देखना चाहिए।
महिलाओं ने पूरे मन और सच्चाई से रखी अपनी बात
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से बातचीत की और उनकी बातों को सुना। उन्होंने कहा कि महिलाओं की विशेषता है कि वे अपनी बात पूरे मन और सच्चाई के साथ रखती हैं। उन्होंने उपस्थित बहनों और बेटियों से जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज महिलाएं पहले की अपेक्षा अधिक जागरूक हैं। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिनमें उनके जीवन में आए बदलाव और योजनाओं से मिले लाभ की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविन्द्र धाकड़, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित हितग्राही एवं लाडली बहना उपस्थित थी।
