स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और युवा पीढ़ी की युवतियों ने दिखाया उत्साह
गुना
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, गुना के अंतर्गत विगत दिवस स्व-सहायता समूहों की सदस्यों एवं उनके परिवार की युवा पीढ़ी की युवतियों के लिए जिला स्तरीय “नमो युवा शक्ति” (Nari Ajeevika Mahotsav & Organised Youth Utsav for Vikas, Atmanirbhar & Shashaktikaran) कार्यक्रम का आयोजन खेल प्रसाल (इंडोर स्टेडियम) पी.जी. कोलेज गुना में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं उनके परिवार की युवतियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर रंगोली, शतरंज, चेयर रेस, बैडमिंटन, नींबू-चम्मच दौड़, रस्साकशी, लम्बी कूद, कबड्डी, क्रिकेट, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। युवतियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता, ऊर्जा एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों द्वारा अपनी सफलता की कहानियों का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। उनके अनुभवों एवं संघर्ष की कहानियों ने उपस्थित महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्राइज के साथ-साथ प्रत्येक प्रतिभागी को एक-एक पौधा वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक, म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, गुना श्री शैलेन्द्र समुंद्रे ने कहा कि खेल युवतियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, ऊर्जा एवं नेतृत्व क्षमता को सामने लाने का सुंदर अवसर है। ऐसे आयोजन युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन एवं नेतृत्व के गुण विकसित करने का मंच प्रदान करते हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी युवतियां आत्मनिर्भरता के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे श्री शिवराज भदोरिया समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग गुना ने युवतियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवतियों को खेल, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं एवं युवतियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से श्री डी. पी. कम्ठान, श्री वीरेन्द्र तिड़के, श्री सेवाराम कुशवाह, श्री प्रदीप पुरी गोस्वामी, श्री विकास भरद्वाज, श्रीमती भारती गौतम, श्री इमदाद अंसारी, श्री अजब सिंह लोधा, श्री राजेश सिंगोरिया, श्री ऋतुराज चोरसिया एवं खेल विभाग से श्री शिवराज भदोरिया, श्री यश शर्मा सहित मिशन के अधिकारी-कर्मचारी, लगभग 260 स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में युवतियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-सहायता समूह परिवारों की युवतियों को खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व, कौशल एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा।
