जिले में 70 से अधिक योग शिक्षक होम आइसोलेट कोरोना संक्रमित मरीजों को ऑनलाईन देंगे योग का प्रशिक्षण
रायसेन | 26-अप्रैल-सोमवार
वैश्विक महामारी कोविड-19 के इस कठिन समय में लोगो के मन में कोरोना संक्रमण को लेकर डर, चिंता, असुरक्षा की भावना, अकेलापन, वित्तीय हानि सहित अनेको मनौवैज्ञानिक भाव देखने को मिल रहे है। ऐसे समय में आवश्यक है कि उनको चिकित्सकीय परामर्श के साथ साथ मनौवैज्ञानिक सहायता भी प्रदान की जाए जिससे इस मुश्किल समय से निपटने में वह अपने आप को अकेला ना पाएं। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में योग से निरोग अभियान प्रारंभ किया गया है। होम आइसोलेशन में संक्रमितों के लिए योग से निरोग अभियान रामबाण उपचार साबित हो सकता है।
रायसेन जिले में स्कूल शिक्षा विभाग एवं आयुष विभाग ने अपनी पूरी ऊर्जा एवं क्षमता के साथ कलेक्टर उमाशंकर भार्गव एवं अपर कलेक्टर अनिल डामोर के मार्गदर्शन में योग से निरोग अभियान प्रारम्भ किया गया है। जिले के सभी विकासखंडो में लगभग 1750 होम आइसोलेट मरीजो की मेपिंग की गई है, जो कोविड संक्रमित है। जिले में कोविड-19 के आइसोलेशन मरीजों के लिये प्रतिदिन लगभग 70 पंजीकृत एवं प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा बतौर वालेंटियर योग, प्राणायाम एवं आसन के माध्यम से प्रतिदिन प्रत्येक मरीज को कम से कम 10 मिनट योग सिखाते हुये स्वस्थ्य करने के प्रायस किए जाएंगे। इसके अर्न्तगत शिथिलीकरण क्रियायें (जैसे ग्रीवा चालन, कंधो का चालन) योग क्रियायें खडे होकर ताडासन, बैठकर शंशकासन एवं पेट के बल लेटकर भुंजगासन, पवन मुक्तासन तथा अनुलोम विलोम, नाडी शोधन प्राणायाम के साथ ध्यान की शिक्षा प्रदान की जाएगी।

