गुना
मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के तत्वाधान में एवं जिला प्रशासन के सहयोग से गुना नगर में दिनांक 19 मार्च 2026 को विक्रम उत्सव के अंतर्गत एक सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय विक्रमोत्सव में गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य मुख्य अतिथि होंगे। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियां विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौपे है। आयोजन के सहायक नोडल अधिकारी श्री राजेश गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर विनर सोसाइटी आर्ट एंड कल्चर, गुना द्वारा “सम्राट विक्रमादित्य” पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मानस भवन, गुना में प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा। इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन युवा रंगकर्मी मधुर जैन द्वारा किया जा रहा है, जो अपने सृजनात्मक दृष्टिकोण और प्रभावशाली मंचन के लिए जाने जाते हैं।
नाटक के माध्यम से सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य, न्यायप्रियता, सांस्कृतिक समृद्धि एवं आदर्श शासन प्रणाली को दर्शाया जाएगा, जिससे दर्शकों को भारतीय इतिहास और संस्कृति की गौरवशाली परंपरा से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन में स्थानीय कलाकारों द्वारा जीवंत अभिनय, सशक्त संवाद और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से दर्शकों को एक यादगार अनुभव प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में भारतीय इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करना है। आयोजकों ने समस्त नागरिकों, कला प्रेमियों एवं विद्यार्थियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की सफल बनाने की अपील की है।
