थाना व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुँचीं पुलिस अधीक्षक, दिए सुधार के निर्देश
*रात्रि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा*
गुना जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा दिनांक 28 मार्च 2026 की रात्रि में थाना आरोन का औचक निरीक्षण किया गया । इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न महत्वपूर्ण भागों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति का आकलन किया ।
निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर, मालखाना, हवालात, रोजनामचा, एचएच/गुंडा रजिस्टर एवं अपराध पंजी आदि सहित लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई । पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, स्वच्छता व्यवस्था तथा थाने की समग्र कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।
उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए । महिला संबंधी अपराधों एवं लंबित प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्क रहने की आवश्यकता बताई । साथ ही, ड्यूटी के दौरान अनुशासन, जिम्मेदारी एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया ।
उन्होंने यह भी कहा कि आमजन का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे बनाए रखने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सक्रिय कार्यशैली अत्यंत आवश्यक है । निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना भी की गई ।
