Type Here to Get Search Results !

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर विद्यारंभ कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ


गुना 


कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल के मार्गदर्शन मे आज विद्यारंभ कार्यक्रम का शुभांरभ किया गया। कार्यक्रम के अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्रों को किशोरी बालिकाओं, सहायिकाओं, बच्‍चों की मदद से रंगोली, पोस्टर आदि लगाकर सजाया गया। विद्यारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्‍द्रों पर बच्चों का तिलक लगाकर एवं गुलाब भेंट कर आंगनबाड़ी से विदाई दी, बच्चों की रैली निकाली गई। बच्चों पर पुष्प वर्षा करते हुए आंगनबाड़ी से स्कूल तक पहुंचाया गया। विद्यालयों में शिक्षकों के द्वारा बच्चो का उत्साह पूर्वक स्वागत किया गया। बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण किए गए एवं बाल चौपाल कार्यक्रम बनाया गया ।


जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अब्दुल गफ्फार द्वारा बताया गया कि विद्यारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि को जगाना, स्कूल से बच्‍चों का जुड़ाव मजबूत करना और ड्रॉप आउट दर को कम करना है। बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र देकर उनकी औपचारिक शिक्षा की शुरुआत को यादगार बनाना एवं अनौपचारिक से औपचारिक स्कूली शिक्षा सुनिश्चित करना है। यह बच्चों के लिए एक उत्सव जैसा है। विद्यारंभ कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों और समुदाय को बाल शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। जिले में 1674 आंगनबाड़ी केन्द्रों में 5 से 6 वर्ष के 16,708 बच्चों को विदाई देकर शाला में प्रवेश कराने की कार्यवाही की गई।


महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के विद्यारंभ  कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब लिंक के माध्‍यम से समस्त आंगनबाड़ी केन्‍द्रों पर दिखाया गया। विद्यारंभ कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों, परियोजना स्‍तर पर परियोजना अधिकारी द्वारा एवं, सेक्टर स्‍तर पर्यवेक्षकों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका बच्‍चों के अभिभावक उपस्थित रहें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.