Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में टेलीकॉम ऑपरेटरों की बैठक आयोजित

 


जिले में नेटवर्क सुधार को प्राथमिकता, तकनीकी जानकारी के साथ समाधान के निर्देश

‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज जिले में नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधार के संबंध में टेलीकॉम ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ई-गवर्नेंस प्रबंधक श्री गौतम श्रीवास्तव सहित विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्‍याल द्वारा मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं पर चर्चा करते हुए बार-बार कॉल ड्रॉप होने एवं नेटवर्क बाधित होने के कारणों के बारे में जानकारी ली गई। इस पर टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि कई बार वाई-फाई कनेक्ट रहने की स्थिति में कॉल करने पर कॉल ब्रेक होने की समस्या आती है, इसलिए कॉल करते समय वाई-फाई डिस्कनेक्ट रखना बेहतर होता है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण भी नेटवर्क प्रभावित होता है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अधिक विद्युत कटौती होती है, उनकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित विद्युत कंपनी को अवगत कराया जा सके।

बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि मोबाइल टावरों पर बैटरी बैकअप क्षमता बढ़ाई जाए, जिससे विद्युत बाधित होने की स्थिति में भी नेटवर्क सुचारू रूप से संचालित रह सके। कलेक्टर द्वारा यह भी पूछा गया कि यदि टावर स्थापना से संबंधित कोई प्रकरण लंबित है, तो उसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि नए टावरों की स्थापना में तेजी लाई जा सके। टावरों की सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक टावर पर कम से कम दो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का सुझाव भी बैठक में रखा गया।

कलेक्टर श्री कन्‍याल ने ई-गवर्नेंस प्रबंधक को बैठक के मिनट्स तैयार करने एवं टेलीकॉम कंपनियों को आवश्यक निर्देश जारी करने हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.