Type Here to Get Search Results !

भुलॉय में कलेक्टर और एसपी की रात्रि चौपाल: गौशाला निर्माण के लिए जनसहयोग से जुटे 1.30 लाख रुपये

 भुलॉय में कलेक्टर और एसपी की रात्रि चौपाल: गौशाला निर्माण के लिए जनसहयोग से जुटे 1.30 लाख रुपये



“अपराध मुक्त और पराली मुक्त” गांव की सराहना, किसानों को दी लाभकारी खेती अपनाने की सलाह


गुना। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने राघौगढ़ विकासखंड के ग्राम भुलॉय स्थित गोशाला में रात्रि के समय ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम भुलॉय में चोरी जैसी घटनाएं नहीं होती हैं, अपराध बेहद कम हैं तथा किसी भी किसान द्वारा पराली नहीं जलाई जाती है। इस सकारात्मक स्थिति पर कलेक्टर श्री कन्याल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ग्रामवासियों की सराहना की।


जनसंवाद के दौरान कलेक्टर ने किसानों को कृषि को लाभ का धंधा बनाने के प्रभावी उपायों से अवगत कराया। उन्होंने गुलाब की खेती, थाई पिंक अमरूद तथा जैविक खेती को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन फसलों के माध्यम से कम लागत में अधिक आय अर्जित की जा सकती है। साथ ही आधुनिक तकनीकों को अपनाने एवं पारंपरिक खेती में नवाचार करने के लिए किसानों को प्रेरित किया।


कलेक्टर ने पराली जलाने से होने वाले नुकसान एवं इसके विरुद्ध प्रशासन द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई की जानकारी भी दी। इस पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पराली नहीं जलाई जाती है, जो एक अनुकरणीय पहल है।


चौपाल के दौरान ग्रामवासियों ने गोशाला में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए आर्थिक संसाधनों की कमी की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं की ओर से 21,000 रुपये की सहायता राशि देकर कार्य की शुरुआत की। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा 21,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। साथ ही अन्य अधिकारियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से कुल मिलाकर लगभग 1,30,000 रुपये से अधिक की राशि एकत्रित की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपलब्ध राशि से शीघ्र ही बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि गोशाला का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।


चौपाल के समापन पर जिन छात्राओं ने अभी रिजल्ट में अच्छा अंक हासिल की उनको फूलमाला पहनाकर कर सम्मानित भी किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.