जेल लोक अदालत का आयोजन 26 अप्रैल को
गुना
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना श्री अमिताभ मिश्र के मार्गदर्शन में एवं विशेष न्यायाधीश गुना श्री राकेश कुमार जैन के नेतृत्व में दिनांक 26 अप्रैल 2026 को जिला जेल गुना मे विशेष जेल लोक अदालत आयोजित की जावेगी।
26 अप्रैल को आयोजित होने वाली जेल लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि उक्त जेल लोक अदालत के माध्यम से जेल में निरूद्ध बंदियों के न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य मामले/अपीलों, प्ली बार्गेनिंग मामले, धारा 138 परक्राम्य लिखित अधिनियमसे संबंधित मामले/राजीनामा योग्य अपीलों एवं अन्य छोटे आपराधिक प्रकरणोंका निराकरण किया जायेगा। उक्त विशेष जेल लोक अदालत में 02 खंडपीठों का गठन किया जावेगा। जिनके माध्यम से आपसी राजीनामा से प्रकरणों का निराकरण किया जावेगा। उक्त संबंध में सौहार्द्रपूर्वक अपने प्रकरणों में राजीनामा कर त्वरित लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
