कुपोषित बच्चों को सुपोषित करना ही महिला एवं बाल विकास का मुख्य ध्येय है - सीमा शर्मा संयुक्त संचालक संभाग ग्वालियर
गुना
संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा आज महिला बाल विकास विभाग परियोजना गुना ग्रामीण अंतर्गत म्याना-2, म्याना 6 , सगोरिया एवं परियोजना राधौगढ अंतर्गत दौराना 1 एवं कोलुआ आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आंगनबाडी केन्द्र सगोरिया में दर्ज बच्चों का वजन लिया गया एवं पोषण ट्रेकर में दर्ज वजन से मिलान किया गया। श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा आंगनबाडी कार्यकर्ता को बताया कि कुपोषित बच्चों को सुपोषित करना ही महिला बाल विकास का मुख्य कार्य एवं कर्तव्य है। आंगनबाडी केन्द्र संचालन तथा आंगनबाडी केंद्रों पर वितरित किये जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता की जांच की गई। आंगनवाडी केन्द्र संचालन में आवश्यक सुधार एवं बच्चों का सही माप तथा वजन करने हेतु निर्देश दिये।
श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा संयुक्त संचालक मबावि ग्वालियर द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय के जनसुनवाई कक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक ली गई। जिसमें विभागीय योजना अंतर्गत लाडली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, न्यायालयीन प्रकरण, पोषण ट्रैकर एप, एफआरएस, टीएचआर वितरण, कुपोषण, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संबंर्द्वन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्द्धन कार्यक्रम अंतर्गत बच्चों के कम पंजीयन, हितग्राहियों को शत-प्रतिशत टीएचआर वितरण न होने, एफआरएस, अपार, आभा आई की प्रगति संतोषजनक न होने पर परियोजना अधिकारियों/सेक्टर पर्यवेक्षकों के प्रति रोष व्यक्त किया एवं कार्य मे लापरवाही बरतने वाली कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
श्री अब्दुल गफ्फार खान जिला कार्यक्रम अधिकारी मबावि गुना द्वारा 8वें पोषण पखवाडा कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के आयोजन के बारे में जानकारी दी गई। श्रीमती सीमा शर्मा द्वारा इसी प्रकार की गतिविधियॉ आंगनबाडी केन्द्रों में आयोजित करने के निर्देश दिये गये। समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अब्दुल गफ्फार खान, सहायक संचालक दिनेश कुमार चंदेल, समस्त परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षक सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। श्रीमती शर्मा द्वारा बाल संप्रेक्षण गृह , शिशुगृह, वन स्टॉप सेन्टर गुना का भी निरीक्षण किया गया एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।
