ट्रॉमा वार्ड में अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश
स्वच्छता, सुरक्षा एवं कार्य संस्कृति सुधार हेतु कलेक्टर के सख्त निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज नवीन जिला अस्पताल भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमा कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज के साथ केवल एक ही अटेंडर को रहने की अनुमति दी जाए, ताकि अस्पताल परिसर में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके तथा मरीजों को बेहतर और सुव्यवस्थित उपचार का वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एक सड़क दुर्घटना में घायल मरीज से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने हेलमेट के अनिवार्य उपयोग की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे सिर की गंभीर चोटों से प्रभावी बचाव संभव है।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में दोबारा गंदगी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों पर न्यूनतम 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि साफ-सफाई और अनुशासन के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं अस्पताल स्टाफ के लिए ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी डॉक्टर एवं कर्मचारी डीसेंट एवं फॉर्मल परिधान में ही कार्यस्थल पर उपस्थित रहें तथा टी-शर्ट जैसे अनौपचारिक परिधान से परहेज करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि आगामी बैठकों में अस्पताल द्वारा किए गए नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों की सूची प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्टाफ को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित भी किया जाएगा।
अंत में कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधितों से सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन उपकरणों की अतिरिक्त आवश्यकता है, उनकी जानकारी उपयोगिता सहित लिखित रूप में प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि नवीन भवन में बेहतर वातावरण उपलब्ध है, ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। आज इस दौरान एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डे, सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।
