कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले में निर्माणधीन विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं एमपीआरडीसी विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने विभागवार कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुल-पुलियों एवं भवन निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अधूरे एवं प्रगतिरत सड़क और भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय के भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें जल्द पूर्ण करने के निर्देश। बैठक में जानकारी दी कि पीएम जन मन योजना के अंतर्गत संचालित कार्य इस माह प्रारंभ हो जाएंगे।
जल निगम एवं जल संसाधन विभाग को ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति एवं सिंचाई परियोजनाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने गोपीकृष्ण सागर समूह जल प्रदाय योजना की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एमपीआरडीसी विभाग की समीक्षा के दौरान सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री कन्याल ने वन विभाग से संबंधित भूमि प्रकरणों में शीघ्र अनुमति लेकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
