रात्रि में चाचौडा थाने का औचक निरीक्षण, गुना पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
*अभिलेखों, लंबित प्रकरणों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश*
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गत दिनांक 08 अप्रैल 2026 की रात्रि में थाना चाचौड़ा का औचक निरीक्षण किया गया ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया । इस दौरान मालखाना, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था, रिकॉर्ड रूम, शस्रागार, सीसीटीएनएस कार्यप्रणाली एवं थाना परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया । साथ ही लंबित अपराधों, शिकायतों एवं विवेचनाधीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना स्टाफ को निर्देशित किया गया कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए । साथ ही क्षेत्र के समस्त हिस्ट्रीशीटरों एवं बदमाशों की नियमित जांच कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए एवं थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए । उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित निराकरण किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिलेख संधारण को व्यवस्थित रखने, ड्यूटी में अनुशासन बनाए रखने एवं समय-समय पर बीट प्रणाली को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए । साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया ।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूर्ण तत्परता के साथ निभाया जाना चाहिए ।
