Type Here to Get Search Results !

अजाक थाना पुलिस द्वारा केंट थाना क्षेत्र के ग्राम विलोनिया चक्क में जनचेतना शिविर का आयोजन

 *कमजोर वर्गों के अधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु गुना पुलिस का सशक्त अभियान*



अजाक थाना पुलिस द्वारा केंट थाना क्षेत्र के ग्राम विलोनिया चक्क में जनचेतना शिविर का आयोजन


*SC/ST अधिनियम, राहत प्रावधानों एवं जाति प्रमाणपत्र संबंधी प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी*


                  गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लोगों के अधिकारों के संरक्षण एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में विशेष पुलिस थाना अजाक प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. आर्य द्वारा अपने स्टॉफ सहित केंट थाना क्षेत्र के ग्राम विलोनिया चक्क में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के बीच जनचेतना शिविर का आयोजन किया गया ।


                  इस दौरान थाना प्रभारी श्री आर्य द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) एक्ट के अंतर्गत प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई । उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ जातिगत आधार पर कोई अपराध होता है, तो वह तत्काल थाने में FIR दर्ज करवा सकता है, जिसमें पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाती है ।


                  इसके साथ ही ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं संबंधित विभागों की जानकारी भी दी गई, जिससे वे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कानूनी लाभों का समुचित लाभ उठा सकें ।


                  शिविर में राहत प्रकरणों के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता, प्रक्रिया एवं पात्रता के विषय में भी विस्तार से समझाया गया । थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि शासन द्वारा पीड़ितों के लिए विभिन्न प्रकार की सहायता योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेने हेतु जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है ।


                  कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जातिगत भेदभाव, अत्याचार एवं अन्य अपराधों के प्रति सजग रहने एवं किसी भी प्रकार की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया ।


                  इस जनचेतना शिविर के माध्यम से पुलिस द्वारा समाज के कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई, जिसकी ग्रामीणों द्वारा प्रशंसा भी की गई ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.