नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
गुना
शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज राघौगढ़ में आज “नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य व्याख्याता के रूप में सुश्री पल्लवी पाराशर (प्राचार्य, शासकीय आईटीआई कॉलेज राघौगढ़) उपस्थित रहीं।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में उन्होंने ‘’नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की नारी शिक्षा, तकनीक, प्रशासन, उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में सशक्त भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल कानूनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास बढ़ाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने एवं जीवन में लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया तथा महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
