युवा संगम अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार व स्वरोजगार कार्यक्रम संपन्न
स्वरोजगार योजनाओं के 201 हितग्राहियों को 01 करोड़ 11 लाख का हितलाभ वितरण
निजी क्षेत्र की 08 कंपनियों द्वारा 66 से अधिक युवाओं का किया प्रारंभिक चयन
गुना
मध्यप्रदेश शासन निर्देशानुसार सूक्ष्म,लघु एवं मध्य उद्योग तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत स्वरोजगार, रोजगार और अप्रेंटिशिप के लिए अवसर प्रदान करने के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन गुना द्वारा युवा संगम के अंतर्गत बुधवार 22 अप्रैल को जिला स्तरीय रोजगार एवं स्वरोजगार मेला का आयोजन स्थानीय जिला पंचायत विश्राम गृह गुना में आयोजित किया गया। जिसमें गुना नपा उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी सहित जनप्रतिनिधिगण श्री विकास जैन नखराली एवं भाजपा नेता श्री रमेश मालवीय ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में उपस्थित श्री विकास जैन ने युवाओं को संबोधित कर शासन की योजनाओं पर प्रकाश डाला और जिन्हें रोजगार मिला उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हितग्राहियों को मार्गदर्शन दिया एवं नवीन प्रतिष्ठान ओर रोजगार सृजन करने पर जोर देते हुए उन्हे बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।
श्री रमेश मालवीय द्वारा अपने उद्वोधन में कहा कि यदि सुशासन देखना है तो गुना जिले में देखें। यहां जिला प्रशासन के मुखिया कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व व मार्गदर्शन में अनेक नवाचार करते हुए गुना को विकसित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गुना जिले को स्वरोजगार योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और रोजगार मेला के माध्यम से प्रदेश स्तर पर हमारे जिले को एक पहचान मिली है। नपा उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी द्वारा भी सभी लाभांवित हितग्राहियों को बधाई व शुभकामनाएं दी।
आज टोकन स्वरूप इन हितग्राहियों को किया गया हितलाभ वितरण
उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित पीएमएफएमई के माध्यम से श्री अभय गोस्वामी को सोडा वाटर एवं अन्य पेय के लिए 10 लाख, ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आस्था स्व सहायता समूह पिपरौदा खुर्द को 06 लाख व किशोरी स्व सहायता समूह बजरंगगढ़ को 01 लाख 50 हजार, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत भारती अहिरवार, राजू सेन, आरती ओझा, सिमरन सिकरवार और साहबा पारदी को 01-01 लाख रुपए के हितलाभ वितरण कराया गया।
जिला रोजगार अधिकारी श्री मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा संगम कार्यक्रम बहुत ही उपयोगी होता जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में गुना जिले के विभिन्न विभागों में संचालित स्वरोजगार योजनाओं के 24 हजार से अधिक स्वरोजगारियों 01 अरब 18 करोड़ के हितलाभ वितरण कराया गया। साथ ही 02 हजार से अधिक आकांक्षी युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान कराएं गए।
विभागों 201 हितग्राहियों को 01 करोड़ 11 लाख का हितलाभ किया वितरण
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा युवा संगम कार्यक्रम में 201 हितग्राहियों को 01 करोड़ 11 लाख रुपए का मौके पर हितलाभ का वितरण किया गया। इसके साथ ही निजी क्षेत्र की 8 कंपनियों द्वारा 66 से अधिक युवाओं का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा नशामुक्त अभियान को बढ़ावा देते हुए अतिथियों द्वारा उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। बैंक प्रतिनिधि आरसेटी डायरेक्टर महेश चंद वर्मा वित्तीय साक्षरता और बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। श्रम विभाग द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी श्रम अधिकारी श्री आशीष तिवारी द्वारा दी गई।
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीणा, श्रम अधिकारी श्री आशीष तिवारी, जिला प्रबंधक आजीविका मिशन श्री डीपी कम्ठान, ग्रामोद्योग अधिकारी श्री मिलिंद देशपांडे, प्राचार्य आईटीआई श्वेता कुशवाह, प्रशिक्षण अधिकारी श्री नवीन रैकवार, श्री सलिल जैन सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि ओर विभागों के अधिकारी कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आकांक्षी युवा हितग्राही मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य आईटीआई गुना सुश्री श्वेता कुशवाह ने किया एवं आभार जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीणा ने किया
