संयुक्त चेकिंग अभियान में पुरानी बस जब्त, किया “राह-वीर” योजना से जागरूक
गुना,
परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 15 वर्ष पुरानी एक यात्री बस को नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्त कर यातायात थाने में खड़ा कराया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश भी दी गई तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
इसी क्रम में शासन की अति महत्वपूर्ण “राह-वीर” योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु यात्री बसों पर बैनर लगाए गए। अधिकारियों द्वारा आमजन को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने पर मिलने वाले प्रोत्साहन के बारे में जानकारी दी गई और अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात प्रभारी अजय सिंह कुशवाह, सुनील शिवहरे, अभिनन्दन, परिवहन कार्यालय से विवेक दुबे तथा चेक पॉइंट से विकास रघुवंशी, हेमंत रघुवंशी उपस्थित रहे।
