गुना जिले में मनाया गया सुरक्षित मातृत्व दिवस, “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” का दिया संदेश
गुना
जिले में सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” थीम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं पर किया गया।
इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरखेड़ा हाट में कार्यक्रम आयोजित कर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। सीएचओ श्रीमती ममता अहिरवार एवं अन्य स्वास्थ्य स्टाफ द्वारा 12 एएनसी (ANC) महिलाओं को फूड बास्केट वितरित कर “पोषण पोटली” प्रदान की गई। साथ ही उन्हें समझाया गया कि गर्भावस्था के दौरान महिला केवल एक नहीं, बल्कि दो जीवन का पोषण कर रही होती है, इसलिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” की प्रेरणा देते हुए सभी गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। साथ ही प्रत्येक माह की 09 एवं 25 तारीख को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल, सुरक्षित प्रसव एवं टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उक्त अवसर पर जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन कर महिलाओं को जागरूक किया गया एवं सुरक्षित मातृत्व के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।
