कलेक्टर ने मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश, खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिलावट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच एवं सैंपलिंग के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जांच के दौरान ममता डेयरी एवं बेकरी बाजार नयापुरा से कोल्ड ड्रिंक्स के सैंपल, आस्था डेयरी कोल्हूपुरा, गुना से दूध, दही एवं मावा के नमूने लिए गए। इसी प्रकार एबी रोड, म्याना स्थित पंजाब गुर्जर दूध डेयरी, नीलम सिंह गुर्जर दूध डेयरी एवं अनिल धाकड़ दूध डेयरी से गाय एवं भैंस के दूध के सैंपल संग्रहित किए गए।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा शुद्ध एवं ताजा खाद्य सामग्री ही रखने एवं विक्रय करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी है।
