गुना में पेंशन योजना से जुड़ने के लिए चल रहा विशेष अभियान
गुना
भारत सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का गुना जिले में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र के श्रमिक जैसे निर्माण श्रमिक, रेहड़ी-पटरी विक्रेता, घरेलू कामगार, रिक्शा चालक, खेतिहर मजदूर, दर्जी, मोची, नाई, कूड़ा बीनने वाले, मछुआरे आदिनाममात्र मासिक अंशदान जमा कर 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ₹3000 प्रति माह की सुनिश्चित पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। अंशदान राशि आयु के अनुसार निर्धारित होती है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा समान अंशदान किया जाता है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जागरूकता के लिए जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, श्रम विभाग कार्यालयों एवं विशेष शिविरों के माध्यम से पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिले में विशेष अभियान जारी
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में पूरे जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान का विस्तार किया गया है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव एवं फील्ड स्टाफ सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। अधिकतम श्रमिकों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि "आज का छोटा निवेश, कल की बड़ी सुरक्षा है। प्रत्येक श्रमिक इस योजना से जुड़े और अपने बुढ़ापे को सुरक्षित बनाए।"
महत्वपूर्ण सूचना
जिला प्रशासन, गुना द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के अंतर्गत आवेदन/पंजीयन केवल नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ही किए जा सकते हैं। किसी भी निजी एजेंट, दलाल या अन्य माध्यम से किया गया आवेदन मान्य नहीं होगा।
सभी पात्र श्रमिक अपने आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण एवं मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर आवेदन करें और योजना का सुरक्षित, पारदर्शी एवं पूर्ण लाभ प्राप्त करें।
