शहरी क्षेत्र गुना में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति हेतु समीक्षा बैठक आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में शहरी क्षेत्र गुना में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शहरी क्षेत्र में एचपीवी टीकाकरण का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम पाए जाने के कारण आयोजित इस बैठक में डीएचओ, डीआईओ, डाटा प्रबंधक (टीकाकरण) की उपस्थिति में समस्त एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं एमएमएससी में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर्स सम्मिलित हुए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर द्वारा एचपीवी टीकाकरण की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। शासन द्वारा जारी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम एवं एचपीवी टीकाकरण प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने, पात्र किशोरियों की पहचान, वैक्सीन की सुरक्षित हैंडलिंग, समयबद्ध टीकाकरण, रिपोर्टिंग एवं डाटा एंट्री पर विशेष जोर दिया गया।
लक्ष्य पूर्ति को गति देने के उद्देश्य से निम्नानुसार दैनिक लक्ष्य निर्धारित किए गये हैं जिसमें समस्त MMSC: प्रति दिवस 10 किशोरियों का टीकाकरण
एएनएम: प्रति दिवस 5 किशोरियों का टीकाकरण आशा कार्यकर्ता: प्रति दिवस 2 किशोरियों का टीकाकरण सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करें, समुदाय में जागरूकता बढ़ाएं तथा शहरी क्षेत्र में एचपीवी टीकाकरण की उपलब्धि में शीघ्र एवं प्रभावी सुधार सुनिश्चित करें।
