Type Here to Get Search Results !

प्रवेश उत्सव से गूंजा स्कूल, छात्राओं को साइकिल-पुस्तकें मिलीं

 प्रवेश उत्सव से गूंजा स्कूल, छात्राओं को साइकिल-पुस्तकें मिलीं


संस्कार और लक्ष्य के साथ शिक्षा पर जोर, विधायक-कलेक्टर ने किया मार्गदर्शन

गुना 

शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “स्कूल चलें हम अभियान” के तहत प्रवेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, नगरपालिका उपाध्यक्ष धर्म सोनी सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कन्याल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे, डीईओ श्री राजेश गोयल और प्राचार्य श्रीमती मृदुला सक्सेना मौजूद रहे। कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा सरस्वती, वंदना एवं अतिथियों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रजलित के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। 

कार्यक्रम में गुना विधायक श्री पन्‍नालाल शाक्‍यन ने कहा कि प्राचीन समय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थी गुरुकुल में प्रवेश लेते थे। उस समय की शिक्षा व्यवस्था केवल ज्ञान देने तक सीमित नहीं थी, बल्कि संस्कारों पर आधारित थी। इसी व्यवस्था से श्रवण कुमार जैसे आदर्श पुत्रों का निर्माण होता था।

 उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा में भी ऐसे मूल्य शामिल होने चाहिए, जो बच्चों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना सिखाएँ। यदि हमें देश की सच्ची सेवा करनी है, तो हमें अपने भारतीय दर्शन और परंपराओं की ओर लौटने की आवश्यकता है।

कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इससे व्यक्तित्व का समग्र विकास होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए, क्योंकि यही गतिविधियाँ आत्मविश्वास और जीवन कौशल को विकसित करती हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सबसे पहले अपने लक्ष्य को स्पष्ट करें, फिर उसकी ठोस योजना बनाकर पूरी लगन और अनुशासन के साथ उस पर काम करें। साथ ही, अपनी प्रतिभा को पहचानें और हर क्षेत्र में खुद को आजमाएं, क्योंकि एक छोटी सी खूबी भी आपको जीवन में बड़ी ऊँचाइयों तक पहुंचा सकती है।

इस दौरान भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण स्क्रीन पर किया गया जिसे समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं छात्राओं ने सुना। 

कार्यक्रम के अंतर्गत अतिथियों द्वारा छात्राओं को बधाई दी गई तथा साइकिल एवं पुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही छात्राओं ने सांस्कृतिक गीत एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। पूरा कार्यक्रम हर्ष, उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन प्राचार्य श्री आशीष टाटिया द्वारा किया गया। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.