Type Here to Get Search Results !

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आयोजित की गई शहर के बैंक शाखा प्रबंधकों अहम बैठक

 *बैंक सुरक्षा को लेकर गुना पुलिस सख्त*



पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आयोजित की गई शहर के बैंक शाखा प्रबंधकों अहम बैठक


               पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार हाल ही में सिंगरोली जिले में बैंक डकैती की घटना को दृष्टिगत रखते हुए गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की दृष्टि से आज  गुना शहर में सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई ।


               बैठक में पुलिस अधीक्षक महोदय ने बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए । उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि शाखाओं में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड एवं प्रवेश-निकास की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए । साथ ही कैश ट्रांजेक्शन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया  ।


               पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने स्पष्ट रुप से कहा कि बैंक लूट जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस एवं बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने सभी शाखाओं में समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हेतु कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया ।


               बैठक उपरांत पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा सभी बैंक प्रबंधकों को गुना पुलिस के सीसीटीव्ही कंट्रोलरुम का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें जिले में स्थापित सीसीटीव्ही कैमरों की गुणवत्ता, नेटवर्क एवं उनकी कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई एवं बताया गया कि शहर में अन्य स्थानों पर स्थापित कैमरों को सीसीटीव्ही कंट्रोल से जोडकर उन स्थानों पर किस तरह से गुना पुलिस द्वारा निगरानी रखी जा रही है । साथ ही सभी को निर्देशित किया गया कि बैंकों के बाहर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीव्ही कैमरे लगवाए जाएं और उन्हें पुलिस सीसीटीव्ही कंट्रोल रुम से आवश्यक रुप सेज जुडवाया जाए ।


               बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका मिश्रा, कंट्रोल रुम प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं शहर में समस्त बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे । अंत में सभी बैंक प्रबंधकों की ओर से पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का आश्वासन दिया गया ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.