विश्व मलेरिया दिवस पर विकासखंड स्तरीय बैठक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर तथा जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनुराग जैन के निर्देशन में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीनागंज में विकासखंड स्तरीय बैठक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राजेश कुमार पुष्पक, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) बीनागंज द्वारा की गई।
इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम “मलेरिया समाप्ति के लिए संकल्पित: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” रही। बैठक में चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, एसटीएस, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, सेक्टर सुपरवाइजर, एएनएम, आशा सुपरवाइजर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. राजेश कुमार पुष्पक ने बताया कि प्रति वर्ष 25 अप्रैल को विश्वभर में विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य मलेरियारोधी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि ग्राम स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं, सीएचओ एवं एएनएम के माध्यम से निरंतर जागरूकता एवं रोकथाम संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि विगत पाँच वर्षों से अधिक समय से विकासखंड चांचौड़ा में एक भी मलेरिया पॉजिटिव प्रकरण नहीं पाया गया है।
वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पर्यवेक्षक प्रदीप सेन ने जानकारी दी कि मलेरिया एवं डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ एवं रुके हुए पानी में पनपते हैं, सीमेंट टंकी, प्लास्टिक टंकी, कूलर आदि की सफाई प्रत्येक सात दिवस में अनिवार्य रूप से की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने रात्रि में मच्छरदानी के उपयोग तथा ठंड के साथ बुखार आने की स्थिति में ग्राम की आशा कार्यकर्ता, एएनएम या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर रक्त जांच कराने की अपील की।
