Type Here to Get Search Results !

महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश

 महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश


आरोन में कम प्रगति पर कलेक्टर सख्त, परियोजना अधिकारी को नोटिस

‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्‍ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, पोषण कार्यक्रमों एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न बिन्‍दुओं पर विस्‍तार से चर्चा की गई।


बैठक के प्रारंभ में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एएनसी पंजीयन में अंतर, विभिन्न हेल्थ इंडिकेटर्स, संचालित योजनाओं, पोषण सेवाओं तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए किए जा सकने वाले प्रभावी उपायों पर सुझाव भी प्राप्त किए।

बैठक में कलेक्टर श्री कन्‍याल ने कहा कि जिले के स्वास्थ्य व्‍यवस्‍थाओं में सुधार के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है, ताकि गुना जिले का नाम प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल हो सके। उन्होंने गर्भावस्था की शुरुआत से लेकर प्रसव एवं प्रसव के बाद तक की आवश्यक सेवाओं के लिए एक विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्येक स्तर पर व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।.

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से चांचौड़ा एवं बमोरी विकासखंडों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए तथा किए गए कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही आगामी कार्ययोजना पूर्व से तैयार करने के निर्देश दिये। 

खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर कलेक्टर श्री कन्‍याल ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ को निर्देशित किया कि कर्मचारियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कार्य कराया जाए, जिससे जिले की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हो सके।

बैठक में कलेक्टर ने नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने स्पष्ट कहा कि जो कर्मचारी कार्य में लापरवाही करते हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती की कार्रवाई की जाये।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को शीघ्र भरने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि सेवाओं का लाभ हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।


बैठक में जिले में निर्मित हो रहे नवीन आंगनबाड़ी भवनों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि कई भवनों का कार्य वन विभाग से अनुमति नहीं मिलने के कारण प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर कलेक्टर ने वन मंडलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि शेष आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।

बैठक में राघौगढ़ परियोजना अधिकारी के पास आरोन का अतिरिक्त प्रभार होने के कारण तहसील आरोन में विभिन्न योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित परियोजना अधिकारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने निर्देशित किया कि परियोजना आरोन का प्रभार किसी अन्य सक्षम अधिकारी को सौंपा जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाई जा सके और प्रगति में सुधार सुनिश्चित हो।

बैठक में सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री दिनेश चंदेल सहित संबंधित विभागों की अधिकारी उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.