Type Here to Get Search Results !

बच्‍चों को बेसिक जानकारी के साथ दी जाये नैतिक शिक्षा, रीड, राइट एंड रिवाइज के कॉन्‍सेप्‍ट पर करें कार्य – कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

बच्‍चों को बेसिक जानकारी के साथ दी जाये नैतिक शिक्षा, रीड, राइट एंड रिवाइज के कॉन्‍सेप्‍ट पर करें कार्य – कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिये आवश्‍यक निर्देश


‎गुना 

स्कूलों में पढ़ाई का माहौल ऐसा बनाया जाए, जिसमें बच्चों की रुचि बढ़े और वे सीखने के प्रति प्रेरित हों। उक्‍त आशय के निर्देश कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिये। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ गुना श्री अभिषेक दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल सहित बीईओ, बीआरसी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने “रीड, राइट एंड रिवाइज” कॉन्सेप्ट पर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि साप्ताहिक टेस्ट लेकर बच्चों की प्रगति का निरंतर आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन प्रार्थना के बाद 5 मिनट ऐसे विषयों पर बच्चों को जानकारी दी जाए, जो उनके जीवन में उपयोगी हों। इसमें स्वच्छता, आपातकालीन नंबर, वृक्षारोपण, यातायात नियम, जल संरक्षण (वॉटर हार्वेस्टिंग) और प्रेरक कहानियां शामिल हों।

उन्होंने बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास पर ध्‍यान देते हुए कहा कि छोटी उम्र में डाली गई अच्छी आदतें जीवनभर साथ रहती हैं। बड़ों का सम्मान, शिष्‍टाचार, बिजली-पानी की बचत, हेलमेट व चार पहिया वाहन में अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता जैसी बातों को व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम निजी विद्यालयों से बेहतर रहा है। उन्होंने नवाचार करने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों व छात्रों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। 

जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के हायर सेकण्‍डरी एवं हाई स्‍कूल के 27 छात्रों ने जिले की मेरिट में स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर ने इन छात्रों एवं उनके प्राचार्यों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में 6467 में से 5248 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिनमें 4464 प्रथम श्रेणी में रहे। कुल परिणाम 81.15 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 75.01 प्रतिशत से 6.14 प्रतिशत अधिक है।

उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परवाह (100%), शासकीय हाई स्कूल पनवाड़ी हाट (97.85%), सांदीपनी मॉडल स्कूल राघौगढ़ (97.7%), संदीपनी स्कूल फतेहगढ़ (97.24%) तथा उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 गुना (96.05%) शामिल रहे। कक्षा 12वीं में अधिकांश छात्र प्रथम श्रेणी में उर्त्‍तींण हुए। सांदीपनी और मॉडल स्‍कूलों का परिणाम सामान्‍यत: 90 प्रतिशत से ऊपर रहा। 

बैठक के प्रारंभ में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे ने पीपीटी के माध्यम से पोर्टल 3.0 पर नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण एवं अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत कर आवश्‍यक निर्देश दिए। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.