*आईपीएल सट्टे के विरूद्ध गुना पुलिस की निरंतर कार्यवाही*
चांचौड़ा थाना पुलिस की आईपीएल मैचों के दो सटोरियों पर कार्यवाही
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जिले में जुआ, सट्टा, अवैध नशीले पदार्थों सहित सभी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं । निर्देशानुसार गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध अथवा अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि पर निरंतर प्रभावी एवं सख्त कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण तथा चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह और उनकी टीम द्वारा आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे दो सटोरियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है ।
गत् दिनांक 17 अप्रेल 2026 की रात में चांचौड़ा थानांतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बीनागंज के बरवटपुरा क्षेत्र में एक युवक अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहा है । इस सूचना के मिलते ही तस्दीक हेतु बीनागंज चौकी से पुलिस की एक टीम द्वारा तत्काल बरवटपुरा में मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर देखा तो जहां पर मुखिबर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति मोबाईल चलाते दिखा, जिसने पुलिस को देखते ही वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस फोर्स द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम लखन पुत्र शिवनारायण मीना उम्र 21 वर्ष निवासी बीनागंज, थाना चांचौड़ा जिला गुना का बताया एवं उसके मोबाइल फोन को चैक करने पर उसमें आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलने से संबंधित साक्ष्य पाए गए । जांच में मोबाइल में सट्टा संचालन से जुड़े ऐप एवं आईडी प्राप्त हुई एवं आरोपी द्वारा एक अन्य व्यक्ति से सट्टा आईडी लेकर सट्टा खेलने की जानकारी सामने आई ।
प्रकरण में आरोपी लखन मीना एवं उसे सट्टा आईडी उपलब्ध कराने वाले के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 99/26 धारा 4(a) सट्टा अधिनियम एवं 49 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है । साथ ही ऑनलाईन सट्टे में संलिप्त दूसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है ।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा आमजन में कानून के प्रति विश्वास और सुदृढ़ होगा ।
ऑनलाईन सट्टे के विरुद्ध गुना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी एवं आरक्षक संजय सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही है ।
