सजग पुलिस की तत्परता से खोया ढोल मिला, तकनीक और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट समन्वय
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में आमजन की सहायता एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने हेतु मानवीय दृष्टिकोण के साथ निरंतर कार्यवाहियाँ की जा रही हैं । इसी क्रम में एक ऑटो में छूटे ढोल को सुरक्षित रूप से फरियादी को वापस कराया गया, जो पुलिस की सजगता एवं तत्परता का सराहनीय उदाहरण है ।
गौरतलब है कि आज फरियादी अमित पुत्र मोज़ीलाल वंशकार निवासी बजरंगगढ़ द्वारा गुना पुलिस सीसीटीव्ही कंट्रोल रूम पहुंचकर प्रभारी अधिकारी निरीक्षक विकास उपाध्याय को सूचना देते हुए बताया कि गत रात्रि में वह एक ऑटो से बजरंगगढ़ से गुना आया था, इस दौरान उसका ढोल ऑटो में छूट गया । श्री उपाध्याय द्वारा उक्त सूचना को संवेदनता से लेते हुए ऑटो में छूटे ढोल को खोजने हेतु अपने स्टाफ को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए ।
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही प्रारंभ की गई और फरिदयादी द्वारा बताये अनुसार मार्ग व जगहों पर लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया और इसमें तकनीकी निरीक्षण के आधार पर ऑटो को शीघ्र ही चिन्हित कर लिया गया । तदोपरांत ऑटो चालकों से संपर्क स्थापित कर उसे कंट्रोल रूम बुलाया गया और विधिवत सत्यापन उपरांत फरियादी अमित वंशकार को उसका खोया हुआ ढोल सुरक्षित रूप से बापस दिला दिया गया । अपनी वस्तु सकुशल प्राप्त होने पर फरियादी द्वारा गुना पुलिस की तत्परता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया ।
यह कार्यवाही पुलिस की संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं आमजन की सहायता के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है ।
