भुजरिया तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु व्यापक विकास योजना पर चर्चा
गुना
भुजरिया तालाब के सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में नगरीय प्रशासन, राजस्व विभाग एवं आर्किटेक्ट टीम के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार सहित अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम गुना श्रीमति शिवानी पाण्डेय, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में तालाब को पर्यटन और स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षक स्थल के रूप में विकसित करने हेतु प्रारंभिक रूपरेखा प्रस्तुत की गई। आर्किटेक्ट टीम ने प्रस्तावित योजना में तालाब के चारों ओर आउटर रोड के साथ वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक विकसित करने की जानकारी दी। इसके साथ ही परिसर में किड्स जोन, फन जोन, “वोकल फॉर लोकल” मार्केट और सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे अधिक से अधिक लोग यहां आ सकें।
योजना के तहत तालाब के मध्य स्थित टापू को आकर्षक सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके चारों ओर स्थायी जलभराव के साथ डीप वॉटर जोन तैयार किया जाएगा। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए बोटिंग (नौकायन) सुविधा शुरू करने की भी तैयारी है।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि प्रस्तावित क्षेत्र में स्थित शासकीय एवं निजी भूमि का विस्तृत विवरण शीघ्र तैयार किया जाए, ताकि एक प्रभावी और समग्र मास्टर प्लान बनाकर उसे अंतिम रूप दिया जा सके और शासन को अनुमोदन के लिए भेजा जा सके।
इस विकास योजना के पूर्ण होने के बाद भुजरिया तालाब क्षेत्र न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि यह एक प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में भी उभरेगा।
