Type Here to Get Search Results !

गर्मी से राहत के लिए कलेक्टर की पहल, पेट्रोल पंप, होटल व मैरिज गार्डन संचालकों के साथ बैठक

 गर्मी से राहत के लिए कलेक्टर की पहल, पेट्रोल पंप, होटल व मैरिज गार्डन संचालकों के साथ बैठक



पेयजल, स्वच्छता व पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश, उत्कृष्ट संस्थान होंगे सम्मानित

गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज पेट्रोल पंप, होटल एवं मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे भी उपस्थित रहे। बैठक में आमजन की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि वर्तमान में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में सभी संस्थान अपने परिसरों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक एवं उपयोगी प्याऊ स्थापित करने के साथ जीव-दया के तहत पक्षियों के लिए सकोरे एवं पानी की व्यवस्था करने की अपील की, जिस पर सभी संचालकों ने सहमति व्यक्त की।


उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निःशुल्क हवा एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, मैरिज गार्डन संचालकों को पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक विभाग एवं नगर पालिका द्वारा शीघ्र ही पार्किंग हेतु मार्किंग की जाएगी, जिसका पालन अनिवार्य होगा। निर्धारित स्थान के अतिरिक्त पार्किंग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन संस्थाओं की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट होंगी, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान संचालकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की गई तथा उनके सुझाव भी सुने गए।


अंत में कलेक्टर ने अपील करते हुए कहा,

“जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहर हमारा है, इससे बेहतर प्रबंधन के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।”

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.