Type Here to Get Search Results !

भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम में बच्चों से सीधा संवाद, जाना उनके सपने का संसार

 ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम में बच्चों से सीधा संवाद, जाना उनके सपने का संसार



साझा किया सरकारी स्कूल छात्र से कलेक्टर बनने का सफर,दिया सफलता का मूल मंत्र

गुना 

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कैंट में आयोजित ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल बच्चों के बीच अधिकारी नहीं, बल्कि एक प्रेरक व्यक्तित्व बनकर पहुंचे। उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनके सपनों, रुचियों और भविष्य की योजनाओं को करीब से जाना। किसी ने सेना में जाकर देश सेवा का सपना साझा किया, तो कोई अपने परिवार का नाम रोशन करने की इच्छा रखता नजर आया।


संवाद के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की हर बात को गंभीरता से सुना और कहा - “मैं भी शासकीय स्कूल का ही छात्र रहा हूं।” उन्होंने समझाया कि सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां और शारीरिक फिटनेस भी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


सफलता का मूल मंत्र देते हुए उन्होंने कहा - “सबसे पहले अपने लक्ष्य को स्पष्ट करें, फिर उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। चाहे गति धीमी हो, लेकिन रुकना नहीं चाहिए… लगातार कोशिश ही आपको मंजिल तक पहुंचाती है।”


कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के आग्रह पर कलेक्टर ने उनके साथ सामूहिक फोटो लिया। शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.