एसडीएम शिवानी पांडे ने गुनिया नदी क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई कार्यों की समीक्षा
गुना
एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे ने शनिवार को गुनिया नदी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए शीतला माता मंदिर के पास, हाट रोड रपटा, बड़ा पुल एवं सिंग टावर क्षेत्र का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा कर मौके पर ही आगामी कार्ययोजना तय कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि भविष्य में नदी की सफाई पोकलेन मशीन के माध्यम से कराई जाएगी, जिससे जल प्रवाह सुचारु रूप से बना रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का अतिरिक्त निर्माण नहीं किया जाना है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग से ही इस कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान पीओ डूडा श्री संजय श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री जी.एस. बैरवा सहित नगरीय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
