कर्तव्यनिष्ठा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण : घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाकर आरक्षक ने बचाई अनमोल जिंदगी, पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक को किया सम्मानित
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल निर्देशन में गुना पुलिस हर क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी, सजगता एवं कर्तव्यपरायणता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है । इसी क्रम में दिनांक 19-20 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि में धरनावदा थानांतर्गत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक बाइक का ट्रक से टकराव हो गया । इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया ।
इस घटना की सूचना पर डायल-112 में पेट्रोलिंग हेतु तैनात आरक्षक मोहर सिंह किरार द्वारा अदम्य तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, घायल व्यक्ति को तत्काल एफ.आर.व्ही. वाहन के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जिससे उसे समय पर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सकी ।
आरक्षक द्वारा विपरीत परिस्थितियों में भी त्वरित निर्णय लेते हुए किए गए इस सराहनीय कार्य से पुलिस की सेवा, समर्पण एवं मानवता के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा उक्त सराहनीय कार्य के लिए आरक्षक मोहर सिंह किरार की लगन, मेहनत एवं कर्तव्यपरायणता को देखते हुए उन्हें नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है ।
गुना पुलिस द्वारा इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्य न केवल आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि पुलिस के प्रति विश्वास को भी और अधिक मजबूत बनाते हैं ।
