बीनागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण,
एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज चांचौड़ा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीनागंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विशेष रूप से चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री कन्याल ने मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य अमले से टीकाकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं की उपस्थिति में तीन बालिकाओं को एचपीवी के टीके लगवा कर अभियान के प्रति जागरूकता और गंभीरता का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने एसडीएम, तहसीलदार, बीएमओ, सीडीपीओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा आशा कार्यकर्ताओं की संयुक्त समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में टीकाकरण के लक्ष्य, प्रगति और शेष कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि शीघ्र एचपीवी टीकाकरण अभियान को पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर संपर्क कर छूटे हुए लाभार्थियों को चिन्हित किया जाए तथा उन्हें प्राथमिकता के साथ टीकाकरण से जोड़ा जाए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने यह भी कहा कि यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चांचौडा श्री रवि मालवीय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
