खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध खनन पर 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी एवं छापामार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना मकसूधनगढ़ अंतर्गत ग्राम रघुनाथपुरा में पार्वती नदी से रेत के अवैध उत्खनन की शिकायत प्राप्त होने पर खनिज विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात्रि में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुबह के समय टीम ने पाया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों को चौकी उकावद में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय कुमार चक्रवर्ती सहित खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा।
