*नशे के विरूद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही*
गुना कोतवाली पुलिस ने पकड़ा गांजा तस्कर, आरोपी से 1.179 किलोग्राम गांजा बरामद
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधयों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए निरंतर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा शहर में अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्रय की सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए नश तस्कर गिरफ्तार किया गया है ।
गत दिनांक 14 मई 2026 की रात गुना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बूढ़े बालाजी मंदिर के पास बैसाखियों के सहारे एक व्यक्ति थैले में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है । थाना क्षेत्र में गांजा सप्लाई की सूचना को पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए सूचना की तस्दीक व कार्यवाही हेतु कोतवाली से तत्काल पुलिस की एक टीम रवाना हुई । टीम द्वारा बिना कोई देरी किए तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति अपने हाथ में थैला लिए हुए मिला, जिसे पुलिस फोर्स ने भागने का अवसर न देते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया गया । पूछताछ पर उसने अपना नाम सोनू पुत्र रामचरण प्रजापति उम्र 35 साल निवासी शिवपुरम कॉलोनी टेकरी रोड़ गुना का बताया एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जिसके थैले की विधिवत तलाशी लेने पर उससे 1.179 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये का बरामद हुआ, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और जिसके विरुद्ध गुना कोतवाली में अपराध क्रमांक 223/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । पुलिस द्वारा आरोपी के गांजा तस्करी के अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है ।
आरोपी सोनू प्रजापति आदतन अपराधी है, जिसके विरूद्ध गुना कोतवाली में पूर्व से आबकारी एक्ट के 04 प्रकरण, सट्टा एक्ट के 02 प्रकरण एवं एनडीपीएस एक्ट के 03 प्रकरणों सहित कुल 09 अपराध दर्ज पाए गए हैं ।
नशे के विरूद्ध गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रवीण दीवान,प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आरक्षक विशाल माथुर, आरक्षक प्रकाश ग्वाल, आरक्षक हाकिम यादव एवं सैनिक रंजीत समर का विशेष योगदान रहा है ।
