Type Here to Get Search Results !

12वीं राज्य स्तरीय डिपार्टमेंटल टेबल टेनिस/बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में

 12वीं राज्य स्तरीय डिपार्टमेंटल टेबल टेनिस/बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में 

गुना जिले के अधिकारी-कर्मचारी खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, जिला शिक्षा अधिकारी ने दी बधाई


गुना 

छतरपुर में दिनांक 01 मई से 03 मई 2026 तक संचालनालय के आदेशानुसार आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय डिपार्टमेंटल टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में गुना जिले के अधिकारी-कर्मचारी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल एवं सहायक संचालक सुश्री प्रेरणा गुप्ता सहित समस्त कार्यालय स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी एवं सम्मानित किया। 

टेबल टेनिस में ग्वालियर संभाग का परचम

प्रतियोगिता के टीम इवेंट में 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की टेबल टेनिस स्पर्धा में ग्वालियर संभाग की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं डबल्स मुकाबले में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। ग्वालियर संभाग की इस सफल टीम का प्रतिनिधित्व गुना जिले के श्री विश्वास कुमार बाजपेई, मुख्य लिपिक ने किया। टीम में उनके साथ श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव, उच्च श्रेणी शिक्षक एवं श्री योगेश तिवारी, डीवीसी शामिल रहे। तीनों खिलाड़ियों के समन्वय और खेल कौशल ने संभाग को गौरव दिलाया। 

महिला वर्ग में स्वर्णिम सफलता

महिला 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की टेबल टेनिस स्पर्धा में भी गुना ने अपनी छाप छोड़ी। डबल्स मुकाबले में श्रीमती अल्का त्रिपाठी, दतिया एवं श्रीमती ममता सोनी, धरनावदा गुना की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता का खिताब जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। सिंगल्स में भी श्रीमती अल्का त्रिपाठी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि श्रीमती ममता सोनी ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। 

बैडमिंटन में भी चमके गुना के खिलाड़ी

बैडमिंटन स्पर्धा में भी जिले के खिलाड़ियों ने पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराया। महिला 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के डबल्स मुकाबले में श्रीमती ममता सोनी, गुना एवं श्रीमती अभिलाषा तिवारी की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। वहीं पुरुष वर्ग के 50 वर्ष से कम आयु वर्ग में श्री संजू रघुवंशी, गुना एवं श्री अशोक कुमार गुप्ता, शिवपुरी की जोड़ी ने डबल्स स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

डीईओ ने दी बधाई, बढ़ाया हौसला

अधिकारी-कर्मचारियों की इस शानदार सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गोयल ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहायक संचालक सुश्री प्रेरणा गुप्ता ने कहा कि जिले के कर्मचारी खेलों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, यह पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है। 

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.