गुना में भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की बैठक आयोजित, एकता और डिजिटल सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर
गुना
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं 12 मीडियम रेजीमेंट के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमाण्डर श्री आशुतोष शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ विंग कमाण्डर आशुतोष शुक्ला द्वारा सभी उपस्थितजनों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने अपने उद्बोधन में भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों के बीच एकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही एकता समाज में सकारात्मक संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी सैनिकों की भूमिका समाप्त नहीं होती, बल्कि समाज और सरकार को उनसे अनेक अपेक्षाएं रहती हैं। ऐसे में प्रत्येक पूर्व सैनिक को अपने अनुभव और अनुशासन के माध्यम से समाज के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
विंग कमाण्डर श्री शुक्ला ने वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल खतरों पर सभी को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी कॉल्स से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक के अंत में वीरांगनाओं एवं तीन वरिष्ठ भूतपूर्व सैनिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, वीरांगनाएं एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाया।
