कृषि वर्ष 2026 : खरीफ तैयारी को लेकर गांव-गांव पहुंच रहे कृषि वैज्ञानिक, किसानों को दे रहे आधुनिक खेती की जानकारी
गुना,
मध्यप्रदेश शासन द्वारा कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में खरीफ फसलों की बेहतर तैयारी एवं किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत दिनांक 16 मई से 25 मई 2026 तक जिले के समस्त विकासखण्डों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।
इन चौपालों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक उठाव संबंधी जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही आगामी खरीफ सीजन की तैयारी के लिए विभिन्न फसलों हेतु उपयुक्त बीज किस्म, बीज की मात्रा, उर्वरकों के संतुलित उपयोग एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
कृषि वैज्ञानिक किसानों को यह भी समझा रहे हैं कि किस प्रकार वैज्ञानिक पद्धति एवं आधुनिक तकनीक अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। चौपालों में खरीफ फसलों की नवीन उन्नत किस्मों, फसल प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा जल संरक्षण आधारित खेती के विषय में भी उपयोगी सलाह दी जा रही है।
अभियान के दौरान उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी गांवों में पहुंचकर किसानों को विभागीय योजनाओं एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दे रहे हैं। किसानों को कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने हेतु बहुउद्देशीय कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
