20 मई के प्रस्तावित बंद के दौरान जिले में दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता रहेगी सुनिश्चित
जन औषधि केंद्र, निजी अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर एवं शासकीय अस्पताल रहेंगे खुले
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा आमजन की सुविधा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि 20 मई को केमिस्ट एवं ड्रगिष्ट एसोसिएशन द्वारा प्रस्तावित बंद के दौरान आमजन को आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
बंद की स्थिति में मरीजों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिले में चयनित जन औषधि केंद्र एवं निजी अस्पतालों में संचालित मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी।
बंद के दौरान जिले में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों में सिविल अस्पताल, सदर बाजार कैंट चौराहा एवं भगत सिंह चौक स्थित नीर एडवांस पैथोलॉजी केंद्र पर दवाइयों की उपलब्धता रहेगी।
इसके साथ ही निजी अस्पतालों में संचालित मेडिकल दुकानें भी आमजन की सुविधा के लिए सेवाएं प्रदान करेंगी। इनमें चौधरन कॉलोनी स्थित आशीर्वाद हॉस्पिटल का आशीर्वाद मेडिकल, दुबे कॉलोनी स्थित सहयोग नर्सिंग होम का सहयोग मेडिकल, एबी रोड स्थित श्री बालाजी नर्सिंग होम का बालाजी मेडिकल, नयापुरा स्थित ममता नर्सिंग होम का संजीवनी मेडिकल तथा बजरंगगढ़ बायपास स्थित एजेएस हॉस्पिटल का एजेएस स्टार मेडिकल शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी नर्सिंग होम में संचालित मेडिकल दुकानें भी खुली रहेंगी।
साथ ही इस दौरान जिले के सभी शासकीय अस्पताल भी यथावत खुले रहेंगे तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते रहेंगे।
