गुनिया नदी पुनरुत्थान एवं सौंदर्यीकरण योजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण, बोट क्लब से राजस्व सृजन की रूपरेखा तैयार
भुजरिया तालाब बनेगा आधुनिक आकर्षण केंद्र, थीम बेस्ड विकास की तैयारी
कूनो नदी पुनर्जीवन में जनभागीदारी का जोर, बच्चों ने भी संभाली जिम्मेदारी
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गुनिया नदी के पुनरुत्थान, सौंदर्यीकरण, बोट क्लब विकास एवं भूजल आवर्धन परियोजना पर एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) का प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि परियोजना की अनुमानित लागत 80.22 करोड़ रुपए होगी, जिसमें पार्ट-ए हेतु 71.70 करोड़ एवं पार्ट-बी हेतु 8.52 करोड़ रुपए प्रस्तावित होने है।
पार्ट-ए अंतर्गत प्रस्तावित कार्य डीपीआर के अनुसार गुनिया नदी के दोनों ओर कंक्रीट दीवार निर्माण का प्रस्ताव है, जिससे नदी के प्रवाह को नियंत्रित कर वर्षा ऋतु में जल निकासी व्यवस्थित हो सके और शहर को बाढ़ की स्थिति से राहत मिले। दीवार की नींव से प्राप्त मिट्टी का उपयोग कर नदी के दोनों ओर 2.5 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिस पर मुरम एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाकर इसे पैदल एवं दोपहिया वाहनों के लिए उपयुक्त बनाया जाएगा।
योजना में 5 गेटयुक्त स्टॉप डेम निर्माण का भी प्रावधान है, जिन्हें नदी के ढाल के अनुसार इस प्रकार स्थापित किया जाएगा कि उनमें जलभराव बना रहे। इसके अतिरिक्त 4 फुटब्रिज निर्माण, प्रत्येक 200 मीटर पर जल निकासी हेतु पाइपलाइन, घाट निर्माण तथा सफाई कार्य हेतु रैंप निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। गोविंद गार्डन क्षेत्र में पूर्व निर्मित पुलियों की ऊंचाई बढ़ाने का प्रावधान भी डीपीआर में सम्मिलित किया गया है।
पार्ट-बी के अंतर्गत गुनिया नदी बोट क्लब का विकास किया जाएगा, जिसे स्व-वित्तीय रूप से संचालित करने हेतु विभिन्न राजस्व स्रोतों का प्रावधान किया गया है। इनमें नौकायन शुल्क, फूड जोन एवं स्टॉल्स से किराया, पार्किंग शुल्क, विज्ञापन अधिकार, इवेंट एवं फोटोग्राफी शुल्क, सदस्यता शुल्क एवं प्रवेश शुल्क शामिल हैं।
बैठक में बताया गया कि परियोजना को उच्च स्तर पर स्वीकृति हेतु पहले भोपाल भेजा जाएगा, तत्पश्चात अनुमोदन प्राप्त होने पर नमामि गंगे योजना के अंतर्गत प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्तुतीकरण के दौरान परियोजना के विभिन्न पहलुओं को एनीमेटेड वीडियो के माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया।
इसके साथ ही भुजरिया तालाब के सौंदर्यीकरण का भी प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें पार्किंग, मंदिर, ओपन एक्टिविटी स्पेस तथा थीम आधारित विकास के बिंदुओं को बताया गया। इस परियोजना को भी 3-डी मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
इसके अतिरिक्त कूनो नदी के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्जीवन कार्यों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि प्रारंभिक स्तर पर पंचायत द्वारा सफाई कार्य एवं घाट निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सिंचाई क्षमता में वृद्धि होने की संभावना है।
बैठक के दौरान एक विशेष रूप से प्रेरणादायक क्षण तब सामने आया, जब गुनिया नदी के तीनों चरणों के निरीक्षण में साथ चली एक बालिका ने अपनी बात रखी। उसने कहा कि वे स्वयं श्रमदान करेंगी और अपने जैसे अन्य बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी। उसका मानना था कि जब बच्चे स्वयं नदी के संरक्षण के लिए मेहनत करेंगे, तो गंदगी फैलाने पर लोगों को भी शर्म आएगी और वे ऐसा करने से बचेंगे। बालिका के इस सकारात्मक प्रयास और सुझाव की उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सदस्यों ने सराहना की तथा इसे जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव, अन्य जनप्रतिनिधिगण अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन सहित शहर के समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित थे।
