सिविल अस्पताल आरोन में हीट क्लीनिक शुरू
गुना
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सिविल अस्पताल आरोन में हीट क्लीनिक का संचालन शुरू किया गया है। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एन. भिलवारे ने अपनी टीम के साथ क्लीनिक का निरीक्षण कर इसकी शुरुआत की।
इस दौरान डॉ. महेश कुमार राजपूत, डॉ. अविनाश रघुवंशी, डॉ. कमल मीना, डॉ. राजू मजूमदार और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर भूपेंद्र श्रीवास्तव मौजूद रहे। अस्पताल में यह व्यवस्था इसलिए की गई है। ताकि गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके। डॉ. भिलवारे ने बताया कि इस मौसम में लापरवाही से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतना जरूरी है।
बचाव के लिए सलाह
धूप में खाली पेट बाहर न निकलें और हमेशा पानी साथ रखें। दिन में 12 से 3 बजे के बीच धूप से बचें। मिर्च-मसालेदार और बासी भोजन से परहेज करें। तेज धूप और गर्म हवाओं में ज्यादा देर तक न रहें और बच्चों को धूप में खेलने से बचाएं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे लू से बचाव के उपाय अपनाएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत अस्पताल में संपर्क करें।
