श्रम एवं सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
जिले में संचालित श्रम एवं सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आज कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग अब्दुल गफ्फार, श्रम पदाधिकारी आशीष तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रमिकों एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रमिक पंजीयन, श्रम कार्ड वितरण तथा निर्माण श्रमिकों को दी जाने वाली सहायता योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कन्याल ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं संबल पंजीयन में वृद्धि लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी चाइल्ड लेबर नहीं होना चाहिए तथा इस पर सतत निगरानी रखी जाए।
बैठक में सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन कल्याण, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया गया तथा आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

