Type Here to Get Search Results !

कृषि व्यवस्था, खाद वितरण एवं ई-विकास प्रणाली पर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया जोर

 कृषि व्यवस्था, खाद वितरण एवं ई-विकास प्रणाली पर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया जोर


गुना  

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कृषि विशेषज्ञों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन व्यवस्था, खाद वितरण तथा ई-विकास प्रणाली सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उपस्थित प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने समय की बचत एवं व्यवस्थाओं को अधिक सरल और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिया कि ऐसी प्रणाली विकसित करने पर विचार किया जाए, जिससे किसानों की ट्रॉली शीघ्र तुल जाए। उन्होंने कहा कि ई-विकास प्रणाली से अनावश्यक लाइन से बचाव होता है। लेकिन सब कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री जरूर हो। जिन किसानों के पास पट्टे की भूमि अथवा अन्य वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं, उन्हें भी खाद उपलब्ध होगा। खाद की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि वास्तविक किसानों से कोई समस्या नहीं है, बल्कि उन लोगों पर नियंत्रण आवश्यक है जो अतिक्रमण अथवा अन्य माध्यमों से खाद का दुरुपयोग कर उसे बाहर भेजने का कार्य करते हैं। सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिकता है, कि किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध हो। उन्होंने किसानों से आवश्यकता अनुसार खाद लेने की अपील करते हुए कहा कि एक साथ अधिक मात्रा में खाद लेने की आवश्यकता नहीं है।

कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों को डीएपी के उपयोग से बचने तथा यूरिया एवं एनपीके उर्वरकों का निर्धारित सीमा में उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान एक कृषक ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे जैविक खेती कर रहे हैं तथा कटिया गेहूं सहित अन्य फसलों जिसमें सफेद जौ सहित विभिन्न प्राकृतिक तकनीकों का उपयोग कर बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कृषक प्रतिनिधियों से कहा कि परंपरागत खेती के साथ-साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं विशेष रूप से हॉर्टिकल्चर (उद्यानिकी) को भी बढ़ावा दिया जाए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में विभिन्न कृषि प्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक में कृषि उपसंचालक श्री संजीव शर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पांडे सहित कृषक संगठनों के प्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.