*नशे के विरूद्ध गुना पुलिस का सतत प्रहार*
धरनावदा थाना पुलिस ने करीबन तीन किलोग्राम गांजा सहित नशे के दो सौदागर किए गिरफ्तार
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की क्रय, बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधयों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए निरंतर प्रभावी एवं कठोर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए नशे के दो सौदागर गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।
गत दिनांक 28 मई 2026 की शाम धरनावदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ग्लेमर मोटर सायकिल क्रमांक MP08 MW 8347 पर दो व्यक्ति गांजा लेकर उसकी बिक्री हेतु बोरखेड़ा, बेरखेड़ी गांव के रास्ते से गुना हाईवे होकर शिवपुरी तरफ जाने वाले हैं । थाना क्षेत्र से गांजा तस्करी की इस सूचना के मिलते ही धरनावदा थानांतर्गत झागर चौकी से पुलिस की एक टीम तत्काल बेरखेड़ी गांव की पुलिया के पास पहुंची और घात लगाकर संदिग्ध मोटर सायकिल व व्यक्तियों के आने का इंतजार किया । कुछ ही समय बाद मुखबिर द्वारा बताये हुलिए की मोटर सायकिल पर दोंनों व्यक्तियों के आने पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया गया । जिनके द्वारा पूछताछ में अपने नाम 1-श्यामबाबू पुत्र रोड़ेलाल भील उम्र 50 साल निवासी ग्राम मेरियाखेड़ी थाना चांचौड़ा एवं 2-बहादुर सिंह पुत्र नारायण सिंह राजपूत उम्र 55 साल निवासी ग्राम बरवटपुरा थाना चांचौड़ा जिला गुना के बताए एवं मुखबिर सूचना के आधार उनकी विधिवत तलाशी लने पर उनके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से कुल 2.988 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ । पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा कीमती 60 हजार रुपये एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल कीमती 50 हजार रूपये सहित कुल 1.10 लाख रूपये का मशरूका विधिवत जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया एवं जिनके विरुद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 104/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
नशे के विरूद्ध धरनावदा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा के नेतृत्व में झागर चौकी प्रभारी सउनि अनिल कदम, प्रधान आरक्षक जोगेश शर्मा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार, आरक्षक राघवेन्द्र बुन्देला, आरक्षक राजेश परिहार, आरक्षक रविन्द्र सोलंकी एवं आरक्षक पवन शर्मा का विशेष योगदान रहा है ।
