Type Here to Get Search Results !

जनसुनवाई में सुनी गयी आमजनों की समस्याएँ, अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश

जनसुनवाई में सुनी गयी आमजनों की समस्याएँ, अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश


आवेदकों द्वारा विभिन्‍न समस्‍याओं से संबंधित 288 आवेदन किये गये प्रस्‍तुत


गुना 

शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। आज विभिन्‍न आवेदकों ने जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्‍वास्‍थ्‍य और नामांतरण के आवेदन प्रस्‍तुत किये गये, जिनके निराकरण के निर्देश दिये गये। आज इस दौरान लगभग 288 आवेदन नागरिकों द्वारा प्रस्‍तुत किये गये।


जनसुनवाई में दी 10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि

जनसुनवाई में राघौगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुरा निवासी हेमलता जाटव द्वारा बताया गया कि वर्ष 2023 से उनका लगातार उपचार चल रहा है। प्रारंभ में जिला चिकित्सालय गुना एवं बाद में निजी अस्पतालों में उपचार कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें भोपाल स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां लंबे समय तक भर्ती रहने के बावजूद इलाज जारी है। आयुष्मान कार्ड के उपयोग के बाद भी दवाइयों एवं अन्य उपचार पर लगभग 60 हजार रुपये से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है, जिससे परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। आवेदन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने तत्काल रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं, आधार कार्ड का नागरिकों ने लिया लाभ

कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा अधिक से अधिक लोगों को आधार एवं स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं प्राप्‍त हो इसके लिए विशेष प्रबंध के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में जनसुनवाई में नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70+ आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईव्‍ही की जांच, नि:शुल्‍क कानूनी सहायता सहित अन्‍य सुविधाएं उपलब्‍ध करायी गई, जिनका बड़ी संख्‍या में आवेदकों द्वारा लाभ लिया गया। 


आज जनसुनवाई में अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, एसडीएम गुना श्रीमति शिवानी पाण्‍डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.