*नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर गुना पुलिस की सख्त कार्यवाही*
सिरसी थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही से नाबालिग किशोरी सुरक्षित बरामद
*राजस्थान के कोटा जिले से अपहृता को दस्तयाब कर उसके अपहरण एवं दुष्कर्म का आरोपी किया गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों एवं महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए निरंतर संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में सिरसी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर तथा उनकी टीम द्वारा विगत दिनों थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग किशोरी को राजस्थान के कोटा जिले से सुरक्षित दस्तयाब करते हुए उसके अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 मई 2026 को एक पिता द्वारा सिरसी थाने में अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । इस दौरान फरियादी ने बताया कि उसकी पुत्री दिनांक 25 अप्रैल 2026 को सिरसी महू हाट बाजार जाने की कहकर घर से निकली थी, लेकिन जिसके देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर उसकी काफी तलाश की गई, किंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका । साथ ही फरियादी ने ग्राम तिलबाड़ा निवासी बंटी कुशवाह पर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर लेकर जाने का संदेह व्यक्त किया । उक्त रिपोर्ट पर सिरसी थाने में अपराध क्रमांक 27/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सिरसी थाना पुलिस द्वारा तत्काल किशोरी की तलाश प्रारंभ की गई । इस हेतु पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए विभिन्न तकनीकी संसाधनों एवं साइबर इनपुट्स का गहन विश्लेषण किया तथा संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई । तलाश के दौरान किशोरी के राजस्थान के कोटा जिले में होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर सिरसी थाने से पुलिस की एक टीम को कोटा के लिए रवाना किया गया । पुलिस टीम द्वारा कोटा में रणनीतिक एवं सतर्क कार्यवाही करते हुए दिनांक 18 मई 2026 को अपहृत किशोरी को संदेही बंटी कुशवाह के साथ दस्तयाब कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया तथा आरोपी को हिरासत में लेकर दोनों को थाना सिरसी लाया गया ।
दस्तयाबी उपरांत पीड़िता ने अपने कथनों में बताया कि आरोपी बंटी कुशवाह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था तथा उसके साथ गलत कार्य किया । पीड़िता के कथनों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी बंटी कुशवाह के विरुद्ध प्रकरण में धारा 64(1), 64(2)(m) बीएनएस, 5L/6 पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं का इजाफा किया गया । इसके उपरांत आरोपी बंटी पुत्र दशरथ कुशवाह उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम तिलबाड़ा थाना सिरसी जिला गुना को विधिवत गिरफ्तार कर उसे आज दिनांक 19 मई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया ।
सिरसी थाना पुलिस की इस सराहनीय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह गौर, सउनि गुणसागर मीना, प्रधान आरक्षक विजय सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक लालाराम शर्मा, आरक्षक रविन्द्र पाल, आरक्षक राहुल रघुवंशी, आरक्षक दीपक दांगी, आरक्षक भूर सिंह, आरक्षक राजू पाल, आरक्षक नरेश परिहार, महिला आरक्षक सीमा कुशवाह एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
