जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा गुना ग्रामीण अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक लेकर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
गुना
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, गुना श्री अब्दुल गफ्फार द्वारा आज परियोजना गुना ग्रामीण अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं (AWW) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीडीपीओ गुना ग्रामीण सहित समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
बैठक में विभागीय विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रमुख रूप से लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY), आभा (ABHA) एवं अपार (APAAR) आईडी निर्माण, पोषण ट्रैकर ऐप पर प्रविष्टि कार्य, FRS (फेशियल रिकग्निशन सिस्टम), तथा SAM एवं MAM बच्चों की पहचान, प्रविष्टि एवं फॉलो-अप की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें एवं पोषण ट्रैकर पर नियमित एवं शुद्ध प्रविष्टियां करें।
बैठक में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के हितग्राहियों को पीले चावल (आमंत्रण स्वरूप) देकर कार्यक्रम की सूचना दें एवं उन्हें आमंत्रित करना सुनिश्चित करें। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
अंत में, सभी को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
