फतेहगढ़ सेक्टर में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने औचक निरीक्षण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी कुमार द्वारा फतेहगढ़ सेक्टर की फील्ड का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ आरबीएसके के मेडिकल ऑफिसर डॉ. चंद्र मोहन चंदेल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सीबीएमओ द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत नई गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण सीएचओ के माध्यम से कराया गया। फील्ड में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रबंधन एवं उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमोरी 108 एंबुलेंस के माध्यम से भेजा गया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। ग्राम भ्रमण के दौरान आमजन से स्वास्थ्य संवाद कर उन्हें शासन की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
डॉ. लक्ष्मी कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को निचले स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए आशा कार्यकर्ता एवं मैदानी स्वास्थ्य कर्मियों को निरंतर जन संवाद करना आवश्यक है। वहीं, डॉ. चंद्र मोहन चंदेल द्वारा आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
भ्रमण के दौरान डॉ. लक्ष्मी कुमार द्वारा सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण भी कराया गया, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
