Type Here to Get Search Results !

संघर्षों को हराकर हासिल की सफलता, जगदीश पटेलिया बने लाइन असिस्टेंट

 सफलता की कहानी 

संघर्षों को हराकर हासिल की सफलता, जगदीश पटेलिया बने लाइन असिस्टेंट


गुना 

गुना जिले के छोटे से ग्राम देवगढ़ के रहने वाले जगदीश पटेलिया की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। साधारण परिवार में जन्मे जगदीश के जीवन में बचपन से ही संघर्ष रहा। पिता का साया सिर पर न होने के कारण परिवार की जिम्मेदारियाँ और भविष्य की चिंता उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रही।

आर्थिक कठिनाइयों और विपरीत परिस्थितियों के बीच भी जगदीश ने कभी हार नहीं मानी। उनके मन में तकनीकी क्षेत्र में कुछ बड़ा करने की इच्छा थी। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने केवल पारंपरिक डिग्री के पीछे भागने के बजाय एक व्यावहारिक और आत्मनिर्भरता से जुड़ा रास्ता चुना कौशल विकास का रास्ता। वर्ष 2020 में उन्होंने आईटीआई गुना में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रवेश लिया। आईटीआई में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। यहाँ उन्हें केवल बिजली और मशीनों का तकनीकी ज्ञान ही नहीं मिला, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी मिली। शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि मेहनत और कौशल के दम पर कोई भी युवा अपने सपनों को पूरा कर सकता है।

अनुसूचित जनजाति परिवार से होने के कारण आर्थिक चुनौतियाँ लगातार सामने थीं, लेकिन जगदीश ने अपनी पढ़ाई और लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया और साथ ही तकनीकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी। उनकी मेहनत आखिरकार रंग लाई। सितंबर 2025 में उनका चयन मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में “लाइन असिस्टेंट” के पद पर हो गया। आज वे अपने ही क्षेत्र म्याना (गुना) में पदस्थ होकर पूरी जिम्मेदारी और गर्व के साथ लोगों को विद्युत सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

जगदीश कहते हैं “यदि जीवन में आगे बढ़ना है, तो केवल सपने देखना काफी नहीं, उन्हें पूरा करने के लिए कौशल और मेहनत दोनों जरूरी हैं। परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर इरादे मजबूत हों तो सफलता जरूर मिलती है।” उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि आईटीआई और तकनीकी शिक्षा केवल रोजगार ही नहीं देती, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन भी प्रदान करती है।

युवाओं के लिए संदेश

जगदीश पटेलिया की कहानी हर उस युवा के लिए प्रेरणा है, जो अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। वे युवाओं से कहते हैं कि आज के समय में कौशल (Skill) ही सबसे बड़ी ताकत है। तकनीकी शिक्षा और मेहनत के बल पर कोई भी युवा अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.